July 9, 2025

संवाददाता
कानपुर।
  लगातार तीसरे दिन गंगा के जलस्तर में बढ़त दर्ज की गई। गंगा के बहाव को देखते हुए बैराज के सभी 30 गेट पूरी तरह से खोल दिए गए है। पहाड़ों पर लगातार हो रही बारिश के कारण गंगा धीरे-धीरे उफान की ओर बढ़ रही है। जलस्तर बढ़ने के कारण अटल घाट की सीढ़ियां पानी में डूब गईं।
बैराज की अपस्ट्रीम पर जलस्तर 112.900 मीटर पर और डाउन स्ट्रीम में 111.580 मीटर पर रहा। शुक्लागंज की तरफ भी जलस्तर बढ़कर 110.180 मीटर पर पहुंच गया। शुक्लागंज के तटवर्ती इलाकों में रहने वाले लोग सामान को सुरक्षित करने में जुट गए हैं।
सिंचाई विभाग के अफसरों ने बताया कि गुरुवार को हरिद्वार से 55 हजार 370 क्यूसेक और नरोरा से 42 हजार 160 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। गुरुवार को जो पानी डिस्चार्ज किया गया है, उसकी मात्रा में कमी आई है।गुरुवार को बैराज से 62 हजार 153 क्यूसेक पानी को छोड़ा गया। जिससे शुक्लागंज की तरफ जलस्तर बढ़ता जा रहा है। शनिवार को जलस्तर बढ़ने के कारण बैराज के सभी 30 गेट पूरी तरह से खोल दिए गए हैं। इसके साथ ही गेटों की मरम्मत का कार्य भी जारी है।
आपदा प्रबंधन अधिकारी जुगबीर सिंह ने बताया कि अभी बरसात के कारण गंगा का थोड़ा बहुत जल स्तर बढ़ा है, लेकिन इसका बहुत ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। हरिद्वार से भी जो पानी छोड़ा गया है उसका भी असर यहां नहीं पड़ेगा।
बाढ़ जैसी स्थिति से निपटने के लिए हमारे पास सारे इंतजाम है। लोगों को कहां ठहराना है या कहां से उन्हें कैसे ले जाना है इन सभी का इंतजाम कर लिया गया हैं। इसके अलावा घाटों पर भी नाविक तैनात हैं। उन्होंने बताया कि अभी गंगा चेतावनी बिंदू से करीब 2 फीट नीचे बह रही हैं।