April 17, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
विश्व स्वास्थ्य दिवस के मौके पर नेशनल शुगर इंस्टीट्यूट में एक निशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में संस्थान में कार्यरत अधिकारियों, कर्मचारियों और विभिन्न पाठ्यक्रमों में अध्ययनरत छात्रों ने अनुभवी डॉक्टरों से हेल्थ चेकअप कराया।
संस्थान की निदेशक प्रो. सीमा पारोहा ने दीप प्रज्जवलन करके कार्यक्रम का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि अच्छा स्वास्थ्य प्रकृति की ओर से दिया गया अनोखा उपहार है। यह मानव का कर्तव्य है कि वह इस उपहार का अच्छे से ध्यान रखे और इसकी देखभाल करे।
आयुर्वेद विशेषज्ञों ने बताया कि एक व्यक्ति जीवन में तीन चीजों के बीच समन्वय बनाए रखकर स्वस्थ रह सकता है- भोजन, जीवन और नींद।
शरीर में तीन दोष होते हैं- वात, पित्त और कफ, अगर ये तत्व समान मात्रा में हों तो ठीक है, अन्यथा स्वास्थ्य खराब हो जाता है।
दवाएं तुरंत राहत प्रदान करती हैं, लेकिन आप प्रकृति के साथ जुड़ कर खुद को सदैव  स्वस्थ रख सकते हैं। भगवान ने स्वास्थ्य के लिए आवश्यक चीजें- हवा, पानी और सूरज की रोशनी मुफ्त में प्रदान की हैं। मानव अपने स्वार्थ के कारण उन्हें प्रदूषित करके खुद को बीमार बना रहा है।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में छात्रों, कर्मचारियों और अधिकारियों ने अपनी रक्त शर्करा, हीमोग्लोबिन, ईसीजी, बीपी आदि की जांच करवाई।
हेल्थ कैंप में एस.के त्रिवेदी, अशोक कुमार गर्ग, अनूप कुमार कनौजिया, अखिलेश कुमार पांडेय, बृजेश कुमार साहू शामिल थे।
कार्यक्रम के दौरान सहायक निदेशक,राजभाषा मल्लिका द्विवेदी ने अधिकारियों, कर्मचारियों और छात्रों का आभार व्यक्त किया।