September 17, 2024

कानपुर। करोड़ो रुपये की नजूल की संपत्ति पर अवैध कब्जा मामले में पुलिस ने शनिवार को चार और इनामिया अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इन सभी पर 50—50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। इससे पूर्व भी मुख्य अभियुक्त व प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अवनीश  दीक्षित समेत दो अभियुक्तों को जेल भेजा जा चुका है। कोतवाली थाना क्षेत्र में बीते माह प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अवनीश दीक्षित समेत करीब 32 लोगों ने नजूल की जमीन पर अवैध कब्जा किया था। इस पर लेखपाल और जमीन पर रह रहे सैमुअल की तहरीर पर अलग अलग दो मुकदमे कोतवाली थाना में दर्ज हुए थे। मामले में अवनीश दीक्षित को उसी दिन गिरफ्तार कर लिया गया था और पुलिस ने आनन फानन में उन्हे जेल भेज दिया था। इसके बाद पुलिस ने 25 हजार के इनामिया मनोज यादव को गिरफ्तार कर जेल भेजा और बाकी बचे अभियुक्तों पर इनाम की राशि 50 हजार रुपये कर दी। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए स्वॉट टीम को भी लगाया गया है। शनिवार को स्वॉट टीम के प्रभारी निरीक्षक जनार्दन सिंह यादव की अगुवाई में पुलिस ने चार और 50—50 हजार के इनामिया अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। इनमें अर्पण एरियल, नोरिस एरियल, अभिषेक उर्फ सोनू एरियल और कमला एरियल हैं। डीसीपी पूर्वी श्रवण कुमार सिंह ने शनिवार को बताया कि करोड़ों की जमीन पर अवैध कब्जा मामले में अभियुक्तों की गिरफ्तारी की जा रही है और आज चार अभियुक्तों को स्वॉट टीम ने गिरफ्तार किया है जिन्हे न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा रहा है। इसके साथ ही बाकी बचे अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगी हुई है।