June 1, 2025

—कम लागत आएगी और चलेंगी दोगुना।

आ स. संवाददाता 

कानपुर।  शहर में पहली बार सड़कों का निर्माण प्लास्टिक वेस्ट से होने जा रहा है। इसके निर्माण में करीब 30 टन प्लास्टिक का उपयोग किया जाएगा। प्लास्टिक के निर्माण से सड़कों की लाइफ भी दोगुना हो जायगी । नगर निगम ने 20 सड़कों के लिए प्रस्ताव तैयार किया है। जब्त की गई प्लास्टिक का उपयोग सड़कों के निर्माण में किया जायगा।
शहर में 15वें वित्त आयोग से 106 करोड़ की लागत से 170 सड़कें बनेंगी। दो दिन में सड़कों का टेंडर निकाला जाएगा। सबसे ज्यादा वरीयता प्लास्टिक वेस्ट से बनने वाली सड़कों को दी गई है। हर जोन में कम से कम तीन से चार सड़कों को प्लास्टिक वेस्ट से बनाया जाएगा। 14 करोड़ की लागत से 20 सड़कें प्लास्टिक वेस्ट से बनेगी।
नगर आयुक्त सुधीर कुमार ने बताया कि शहर में पहली बार प्लास्टिक से सड़कों का निर्माण किया जाएगा। इससे सड़कों के निर्माण में लागत भी कम आएगी। बारिश में ये  सड़कें कम खराब होंगी।
बिटुमिन के हिस्से को सस्ते प्लास्टिक कचरे से बदलकर सड़क निर्माण की लागत को कम किया जा सकता है। प्लास्टिक से बनी सड़कें लंबे समय तक चलती हैं, जिससे रखरखाव और मरम्मत की लागत कम होती है। प्लास्टिक की सड़कें पानी से नुकसान, गड्ढ़े और उच्च तापमान में अधिक प्रभावी होती हैं। प्लास्टिक वेस्ट से बनी सड़कें टूटने की संभावना कम होती है।
प्लास्टिक टुकड़ों को सड़क निर्माण में प्रयोग होने वाली गिट्टी में डालकर 150 डिग्री सेल्सियस तापमान पर गर्म किया जाता है। करीब एक घंटे की इस प्रक्रिया के बाद प्लास्टिक के टुकड़े गिट्टी के साथ उसी के आकार में चिपक जाते हैं। इसके बाद इस गिट्टी को तारकोल में मिलाया जाता है।