March 3, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
होली के त्योहार से पहले मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों पर कार्रवाई करते हुए फूड डिपार्मेंट ने छापेमारी करके बड़ी मात्रा में खाद्य सामग्री सीज की है। कानपुर में टीम ने नौ जगहों पर छापेमारी करके पनीर, घी, खोया, रंगीन कचरी, मिल्क केक और ड्रिंकिंग वॉटर के सैंपल लिए। रंगीन कचरी और खोया को सीज किया गया है। सीज किए गए माल की कीमत 5,14000 रूपए है।
फ़ूड डिपार्टमेंट के खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. अजय मौर्या, संजय वर्मा और रजनीश कुमार राय की टीम ने पनकी साइट-5 स्थित हीना फूड प्रोडक्ट की कचरी मैन्युफैक्चरिंग यूनिट पर अचानक छापा मारा। निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में विभिन्न प्रकार की कचरी का बनते हुए और स्टोर पाई गई। जांच में लगभग 960 किलोग्राम मिक्स रंगीन कचरी पैकिंग के लिए रखी मिली। टीम ने कचरी का एक नमूना लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेज दिया, जबकि 67,200 रुपए की कचरी को सीज कर दिया गया।
फजलगंज क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए टीम ने बड़ी मात्रा में खोया सीज किया है। टीम ने तीन स्थानों से 549 किलो, 349 किलो और 499 किलो खोया पकड़ा। जिसकी कीमत 4,47,040 रुपए है। खोये में मिलावट की आशंका पर सैंपल जांच के लिए भेजा गया है। वहीं, माल को सीज करते हुए बिक्री से रोका गया है।
जांच के दौरान ओम पुरवा से पनीर और घी का सैंपल लिया गया। वहीं, रावतपुर गांव से पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर और जहांगीराबाद से मिल्क केक का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया है। फ़ूड डिपार्टमेंट के अधिकारियों ने बताया कि सभी नमूनों को विश्लेषण के लिए प्रयोगशाला भेजा गया है। रिपोर्ट मानक के विपरीत पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। 

त्योहारों के मद्देनजर विभाग ने साफ किया है कि मिलावटखोरी और खराब गुणवत्ता वाले खाद्य पदार्थों पर अभियान लगातार जारी रहेगा।