
संवाददाता
कानपुर। नगर में शुक्रवार को हल्का कोहरा छाया रहा। कोहरा और बर्फीली हवा गलन का एहसास करा रही थी। सुबह सड़कों पर सन्नाटा दिखा। बहुत जरूरी काम होने पर ही लोग घरों से निकले। लोग अलाव के पास बैठे रहे।
सीएसए की ओर से जारी वेदर रिपोर्ट के अनुसार बीते 24 घंटे में न्यूनतम तापमान 3.8 डिग्री सेल्सियस की गिरावट के साथ 5.6 डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 1.7 डिग्री कम है।
ठंड के चलते डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने नर्सरी से 8वीं कक्षा तक के छात्रों के लिए स्कूलों में शीत अवकाश घोषित कर दिया गया है। यह आदेश सभी बोर्डों के स्कूलों पर लागू होगा।
दोपहर 12 बजे के बाद सूरज ने दर्शन दिए और धूप निकली। धूप ने ठंड से राहत देने का काम किया। शीतलहर पूरे दिन चलती रही। इस कारण दिन में भी ठंड का एहसास होता रहा। लोगों ने घरों की छतों व पार्कों में पहुंचकर धूप से राहत महसूस की। अधिकतम तापमान 15.4 डिग्री रहा जो कि सामान्य से 4.2 डिग्री कम था।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि उत्तर पश्चिमी हवाएं कानपुर मंडल समेत गंगा के मैदानी भागों में अपना असर दिखा रही हैं, जिस वजह से कड़ाके की ठंड पड़ रही है। रात के तापमान गिर रहे हैं।
आने वाले दिनों में दिन में धूप के साथ हवा, सुबह-शाम व रात को कोहरा व ओस के साथ कड़ाके की ठंड जारी रहेगी। हवाओं की गति तेज होगी तो दिन में कोहरा साफ रहेगा। पश्चिमी विक्षोप आने के बाद बारिश हो सकती है। फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है। बंगाल की खाड़ी में हलचल की वजह से बादल छा सकते हैं।
कोहरे के चलते 39 ट्रेनें तय समय से घंटों देरी से कानपुर सेंट्रल पहुंची। बनारस से अगरतला जाने वाली वंदेभारत एक्सप्रेस (20175) 1.16 घंटे देरी से आई। नई दिल्ली से लखनऊ जाने वाली तेजस एक्सप्रेस (82502) तय समय से 1.10 घंटे लेट रही।
बरौनी से नई दिल्ली जाने वाली हमसफर एक्सप्रेस (02563) 25.33 घंटे देरी से आई। बनारस से इंदौर जाने वाली काशी महाकाल एक्सप्रेस (20413) तय समय से 4.47 घंटे लेट रही। इसके अलावा हमसफर व राजधानी भी देरी से आईं।






