March 13, 2026

संवाददाता

कानपुर। कल्याणपुर में गृह नक्षत्र खराब बताकर टप्पेबाज दंपत्ति ने रिटायर्ड शिक्षिका के घर से नकदी और जेवरात समेत 15 लाख का माल पार कर दिया। आरोपी दंपत्ति ने विश्वास में लेकर हवन पूजन कराया, इसके बाद किचन में जाकर खीर बनाई।
मां बेटे को खीर खिलाकर उन्हें बेसुध कर दिया। इसके बाद टप्पेबाज दंपत्ति माल लेकर फरार हो गए। 3 दिन बाद होश आने पर उन्होंने कल्याणपुर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई।
कल्याणपुर के कैलाश विहार निवासी 67 वर्षीय चित्रा सिंह पनकी स्थित विद्युत परिषद इंटर कालेज से रिटायर्ड है। वह अपने बेटे गौरव सिंह के साथ रहती है। गौरव कन्नौज स्थित बैंक आफ बड़ौदा में सहायक प्रबंधक के पद पर कार्यरत है। चित्रा सिंह के पति का दो साल पहले निधन हो चुका है।
एक माह पहले बहू दीपा पौत्र को लेकर अपने मायके चली गई थी, जिसके कारण वह काफी परेशान थी। करीब 15 दिन पहले खुद को आवास विकास 3 का निवासी पवन और सरिता बताकर उनके पास एक युवक और महिला आए और उनकी खाली दुकान को किराए पर लेने की इच्छा जाहिर की थी। मना करने के बावजूद दोनों दो तीन दिन बाद दोबारा आए और बाहर खड़ी सेंट्रो कार को खरीदने की बात कही। जिस पर उन्होंने दोबारा मना कर दिया।
जिसके बाद दंपत्ति कई बार आए ,परिवार के बारे में बातचीत कर पति और बेटे बहू के बारे में जानकारी जुटा ली। चित्रा ने बताया कि आराेपी दंपत्ति ने परिवार के गृह नक्षत्रों के खराब होने की बात करते हुए उन्हें अपने विश्वास में ले लिया और हवन कराने से सब कुछ सही होने का दावा किया। जिसके बाद 9 अगस्त की रात आरोपी पीड़िता के घर पहुंचे और हवन में बैठने को बोला।
इस दौरान प्रसाद के लिए खीर बनाने की बात करते हुए आरोपी सरिता ने खुद खीर बनाने की पेशकश की। हवन के दौरान ही प्रसाद में खीर खिलाई जिसके बाद मां-बेटे बेसुध हो गए। 3 दिन बाद मां बेटे को होश आया तो घर की दो अलमारी से 3 लाख रुपए नकदी, सोने के जेवरात और स्कूटी समेत करीब 15 लाख रूपए का माल गायब था। होश में आने के बाद तारीख देखी तो उन्हें पता चला कि वह 3 दिन से बेहोश थे।
गौरव ने बताया कि वह कभी सोने की चेन और अंगूठी नहीं पहनते है, लेकिन आरोपियों ने उन्हें राशि दोष खत्म होने की बात करके सोने की चेन और पुखराज की अंगूठी पहना दी। उन्होंने बताया कि शातिरों ने घर से सोने के दो बड़े सीतारामी माले, एक बड़ा हार, एक छोटा हार, जंजीर, अंगूठी, चैन, तीन नथुनी, झुमकी, तीन जोड़ी झाले, टॉप्स, बेंदा, मंगलसूत्र समेत स्कूटी और तीन लाख रुपए पार कर दिए।
एडीसीपी वेस्ट कपिल देव सिंह ने बताया कि गौरव सिंह की तहरीर पर सरिता और पवन के खिलाफ चोरी और जहरखुरानी की रिपोर्ट दर्जकर उनकी तलाश में दो पुलिस टीमें लगाई गई है। सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है, जल्द आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।