March 13, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  नरवल तहसील क्षेत्र में शुक्रवार को 79वां स्वतंत्रता दिवस बड़ी धूमधाम व हर्षोल्लास से मनाया गया। सरकारी, गैर सरकारी संस्थानों में ध्वजारोहण किया गया। तमाम राजनीतिक व सामाजिक संगठनों ने रैली निकाल कर स्वतंत्रता दिवस मनाया। चारों तरफ लोगों में देश भक्ति के प्रति भारी उत्साह देखने को मिला।
नरवल तहसील परिसर में एसडीएम विवेक कुमार मिश्रा ने ध्वजारोहण कर अधीनस्थों को ईमानदारी से काम करने की सीख दी। वहीं तहसील परिसर में एसडीएम समेत सभी अधिकारियों ने पौधरोपण किया गया। इस दौरान राजस्व विभाग के सभी अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।सरसौल कस्बे के भोले बाबा मैदान में सरसौल ब्लॉक प्रमुख डॉ. विजय रत्ना सिंह तोमर, रोहित सिंह तोमर व ग्राम प्रधान रामकुमार उर्फ देवगौड़ा के नेतृत्व में ग्रामीण क्षेत्र के युवाओं ने मिलकर ध्वजारोहण किया। यहां दौड़ प्रतियोगिता आयोजित की गई। जिसमें युवाओं ने प्रतिभाग किया।
प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेता धावक को मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों के द्वारा पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इसके बाद तिरंगा यात्रा बाइक रैली निकाली गई। जय हिंद-वंदे मातरम के नारे लगाए गए।
नरवल परिसर में थाना प्रभारी अखिलेश पाल व महाराजपुर परिसर में थाना प्रभारी संजय कुमार पांडे के नेतृत्व में ध्वजारोहण किया गया। सलेमपुर स्थित सिद्ध श्री बालाजी मंदिर में भी समिति के द्वारा ध्वजारोहण कर 79वां स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।
रूमा, महाराजपुर, नरवल, सरसौल, पुरवामीर आदि कस्बा व ग्रामीण क्षेत्र के विद्यालय परिसर में ध्वजारोहण किया गया। स्कूली बच्चों के द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।