—अस्पतालों में मॉक ड्रिल से सिखाए सुरक्षा के तरीके।

आ स. संवाददाता
कानपुर। नगर में आग से बचाव के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। जाजमऊ फायर स्टेशन प्रभारी राहुल नन्दन के नेतृत्व में फायर कर्मियों ने क्षेत्र के विभिन्न अस्पतालों में मॉक ड्रिल का आयोजन किया।
राहुल नन्दन और फायर कर्मी विश्व प्रताप सिंह ने सिलेंडर गैस और विद्युत शॉर्ट सर्किट से लगने वाली आग को नियंत्रित करने के तरीके बताए। टीम ने अस्पताल स्टाफ को अग्निशमन यंत्रों की जानकारी दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों के इलाज के साथ-साथ उनकी सुरक्षा भी स्टाफ की प्रमुख जिम्मेदारी है।
प्रशिक्षण के दौरान सिलेंडर में आग लगाकर उसे बुझाने का प्रैक्टिकल डेमोंस्ट्रेशन दिया गया। फायर सेफ्टी टीम ने आग में फंसे मरीजों और तीमारदारों को बचाने के तरीके भी सिखाए। मॉक ड्रिल देखने के लिए बड़ी संख्या में आमजन एकत्र हुए।
फायर स्टेशन प्रभारी ने बताया कि पुलिस महानिदेशक अग्निशमन और मुख्य अग्निशमन अधिकारी कानपुर के निर्देश पर यह अभियान चलाया जा रहा है। जाजमऊ क्षेत्र के अस्पतालों में अग्नि सुरक्षा की चेकिंग की जा रही है। ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के कर्मचारियों को प्रशिक्षित किया जा रहा है। कार्यक्रम में विभिन्न अस्पतालों के स्टाफ और फायर कर्मी उपस्थित रहे।