
संवाददाता
कानपुर। खराब सड़कों को लेकर प्रदर्शन करने वाले समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं के खिलाफ बर्रा थाने में रिपोर्ट दर्ज हुई है। इनमें 8 नामजद और 15 अज्ञात समेत 23 लोग आरोपी बनाए गए हैं। यह रिपोर्ट चाैकी प्रभारी दीपक गिरी ने दर्ज कराई है।
बर्रा थाना प्रभारी रवींद्र श्रीवास्तव ने बताया कि हाथों में झंडे और बैनर लेकर सपाइयों ने सरकार विरोधी नारेबाजी की और कर्रही सड़क पर जाम लगा दिया। अचानक हुए इस प्रदर्शन से कई घंटे तक सड़क पर राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ी।
सूचना मिलने पर पहुंचे बर्रा चौकी प्रभारी दीपक गिरी ने उन्हें धारा 163 लागू होने का हवाला देते हुए समझाया लेकिन प्रदर्शनकारी डटे रहे।
चौकी इंचार्ज पुलिस बल के साथ मौके पर गए थे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को समझाया था कि शहर में 29 अगस्त से 27 अक्टूबर तक धारा 163 लागू है, जिसके तहत पांच या उससे अधिक व्यक्ति सार्वजनिक स्थान पर प्रदर्शन नहीं कर सकते। बावजूद इसके सपाई सड़क से हटने को तैयार नहीं हुए। वह लोग नारेबाजी करते हुए सड़क पर डटे रहे।
इस दौरान कर्रही रोड पर लंबा जाम लग गया और वाहनों की कतारें लग गईं।
मौके पर बनवाए गए वीडियो फुटेज से प्रदर्शन में शामिल कार्यकर्ताओं की पहचान की गई है। इनमें अर्पित त्रिवेदी, अजय श्रीवास्तव, मुकेश दीक्षित, शिवम खन्ना, साहिल यादव, सत्यम पांडेय, अंकुर उत्तम और कृपा शंकर शामिल हैं।
इनके अलावा 10–15 अज्ञात लोग भी सड़क पर प्रदर्शन के दौरान मौजूद रहे।






