
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर के शिवराजपुर विकासखंड में किसानों को खाद वितरण में हो रही परेशानियों का समाधान कर दिया गया है। सरकारी और निजी सभी खाद केंद्रों पर लग रही भीड़ को देखते हुए उप जिलाधिकारी संजीव दीक्षित ने टोकन सिस्टम लागू किया है।
पहले खाद वितरक भारी भीड़ के कारण सुचारू रूप से वितरण नहीं कर पा रहे थे। कई केंद्रों पर विवाद की स्थिति भी बन जाती थी। इस समस्या से निपटने के लिए उप जिलाधिकारी ने तत्काल प्रभाव से टोकन सिस्टम शुरू किया है।
सभी खाद वितरण केंद्रों पर पुलिस की व्यवस्था की गई है। इससे विवाद की स्थिति नहीं बनेगी और व्यवस्थित तरीके से खाद का वितरण होगा।
उप जिलाधिकारी ने आश्वासन दिया है कि सभी केंद्रों पर पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध है और किसानों को परेशान होने की जरूरत नहीं है।






