
आ स. संवाददाता
कानपुर। रामादेवी में चल रही अवैध सब्जी मंडी को लेकर गंभीर स्थिति बन गई है। नगर निगम द्वारा रामादेवी से रुमा में स्थानांतरित की गई थोक सब्जी मंडी में व्यापारियों की उदासीनता से किसान परेशान हैं।
चकेरी थोक सब्जी मंडी के 94 दुकानों का आवंटन किया गया था। इनमें से केवल 40 दुकानें ही खुल रही हैं। करीब 50-60 व्यापारियों ने रामादेवी ओवरब्रिज के नीचे अवैध रूप से दुकानें खोल रखी हैं। इससे चकेरी मंडी में आने वाले किसानों को अपनी उपज बेचने में दिक्कत हो रही है। स्थिति यह है कि किसान अपनी उपज को सड़क पर फेंकने को मजबूर हैं। इससे उनके परिवार का भरण-पोषण मुश्किल हो रहा है।
रूमा थोक सब्जी मंडी के व्यापारियों और किसानों ने शासन-प्रशासन से मदद की गुहार लगाई है। चकेरी थोक सब्जी मंडी समिति के पदाधिकारियों ने नगर निगम अधिकारी अनिरुद्ध सिंह से मिलकर न्यायसंगत कार्रवाही की मांग की है। अधिकारी से मिलने वालों में अध्यक्ष आनंद सिंह, महामंत्री राजकुमार कुशवाहा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष बबलू कुशवाहा समेत कई व्यापारी शामिल हैं।
नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि वे मामले की जांच कर कार्रवाई करेंगे।