
संवाददाता
कानपुर। महाराजपुर थाना क्षेत्र में नरवल मोड़ के पास कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।नरवल थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश पाल ने बताया कि तहरीर मिलने पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, नरवल के शीशूपुर गांव निवासी सुचेंद्र सिंह अपने खेत से पैदल घर लौट रहे थे। नरवल मोड़ के पास कानपुर-प्रयागराज नेशनल हाईवे पर एक तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। इस हादसे में सुचेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायल सुचेंद्र सिंह को राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक के बड़े भाई दलजीत सिंह ने बताया कि यह घटना तब हुई जब सुचेंद्र खेत से पैदल हाईवे किनारे होते हुए घर जा रहे थे।
मृतक सुचेंद्र सिंह के परिवार में उनकी पत्नी, दो बेटियां और एक बेटा है। पुलिस अब घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि टक्कर मारने वाले वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके।






