
संवाददाता
कानपुर। मानसून पूरी तरह सक्रिय हो चुका है। कल 18 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई है। मौसम विभाग के मुताबिक अभी तक कुल 65 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है। शहर में मंगलवार तक अच्छी बारिश होने की संभावना है। बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। सोमवार को भी सुबह भी घने बादल छाए हुए थे।
पूर्वानुमान के बावजूद शहर में अच्छी बारिश नहीं हुई। पॉकेट रेन का असर भी दिखा। कहीं अच्छी वर्षा हुई तो कहीं हल्की, तो कहीं बूंदाबांदी ही हुई। इसका अंदाजा इससे लगा सकते हैं कि कैंट क्षेत्र के एयरफोर्स वेदर स्टेशन में केवल 0.5 मिमी बारिश दर्ज हुई। कम दबाव का क्षेत्र न बन पाने से ऐसा हुआ।
पुरवइया हवाओं से वातावरण में नमी बनी रही। अधिकतम नमी का प्रतिशत 91 और न्यूनतम 84 रहा। इसके बावजूद कम बारिश और अधिकतम तापमान 32 डिग्री तक चले जाने के कारण उमस हो गई।
कुछ समय के लिए निकली धूप ने उमस को बढ़ा दिया। न्यूनतम पारा 26.2 डिग्री रहा। बादलों की आवाजाही से रात का पारा चढ़ गया। हवा की रफ्तार औसतन 4.7 किमी प्रति घंटा रही।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के मुताबिक मानसून की सक्रियता के कारण फिलहाल मानसूनी गतिविधियां बनी रहेंगी। गुरुवार तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। कानपुर नगर में अपेक्षा के अनुरूप बारिश नहीं हो रही है। पॉकेट रेन की स्थितियां अभी भी बनी हुई हैं। उमस भरी गर्मी बनी रहेगी। अगले दो दिन हल्की बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार मौसमी चक्र लड़खड़ाने से कानपुर के आसपास तो बारिश होगी लेकिन यहां छिटपुट वर्षा की ही संभावना है। मंगलवार को शहर में अच्छी बारिश हो सकती है।
इसी तरह बुधवार के बाद गुरुवार, शुक्रवार और शनिवार को अच्छी बारिश की संभावना जताई है। मानसून आने के बाद मौसमी सिस्टम में तेजी से बदलाव हो रहे हैं।
सीएसए के आंकड़ों के अनुसार यहां जून महीने में कुल 60 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है।