February 23, 2026

संवाददाता
कानपुर।
महाशिवरात्रि का पर्व रविवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर श्रद्धालुओं में कई दिनों से विशेष उत्साह देखा जा रहा है। मंदिरों में साफ-सफाई और आकर्षक सजावट का कार्य अंतिम चरण में है। बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। बेलपत्र, धतूरा, फल-फूल, दूध, दही, शहद, गंगाजल और पूजन सामग्री की दुकानों पर सुबह से ही भीड़ उमड़ रही है।
महाशिवरात्रि से एक दिन पहले शनिवार को शिवभक्तों का उत्साह चरम पर दिखा। हजारों की संख्या में श्रद्धालु कांवड़ लेकर नरवल तहसील क्षेत्र के नजफगढ़ गंगा घाट पहुंचे। यहां विधि-विधान से गंगा स्नान कर श्रद्धालुओं ने पवित्र गंगाजल भरा और कंधों पर कांवड़ उठाकर लंबी पदयात्रा शुरू की। कई किलोमीटर की दूरी तय करते हुए श्रद्धालु हाथीगांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर श्री नंदेश्वर धाम पहुंचे, जहां जलाभिषेक किया जाएगा।
पूरे रास्ते में “बम-बम भोले” और “हर-हर महादेव” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा। शिवभक्त भक्ति गीतों पर झूमते हुए आगे बढ़ते रहे। मार्ग में स्थानीय लोगों ने भी श्रद्धालुओं के स्वागत की व्यवस्था की और पेयजल सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराईं।
मंदिर परिसर को रंग-बिरंगी झालरों और फूलों से सजाया गया है। महाशिवरात्रि के अवसर पर रात्रि जागरण, भजन-कीर्तन और विशेष आरती का आयोजन किया जाएगा। श्रद्धालु शिवलिंग पर गंगाजल अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना करेंगे।
पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए प्रशासन भी सतर्क है और सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। महाशिवरात्रि के इस पावन अवसर पर पूरा क्षेत्र शिवमय नजर आ रहा है।