
संवाददाता
कानपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र के जीटी रोड पर कानपुर नगर निगम प्रशासन ने आज सुबह बड़ी कार्रवाई की, जिसके तहत थाने के सामने वर्षों से चल रहे अवैध सब्जी बाजार को हटाया गया।
नगर निगम की टीम ने बुलडोजर की मदद से कई दुकानदारों के स्टॉल और ठेले जब्त किए। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस बल मौजूद रहा। जीटी रोड पर बढ़ते अतिक्रमण से आवागमन बाधित हो रहा था। दुकानदार बिना अनुमति सड़क पर सब्जी और अन्य सामान बेच रहे थे।
नगर निगम ने पहले भी दुकानदारों को चेतावनी दी थी। लेकिन चेतावनी का कोई असर नहीं हुआ। इसके बाद बुलडोजर से कार्रवाई की गई। कार्रवाई में कई दुकानदारों का सामान और स्टॉल नष्ट हो गए।
दुकानदारों ने प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई। दुकानदारों का कहना था कि सरकारी अनुमति न मिलने के कारण मजबूरी में अतिक्रमण कर रहे थे।
नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई सार्वजनिक सुविधा और यातायात व्यवस्था के लिए जरूरी थी। भविष्य में भी अवैध अतिक्रमण पर सख्त कार्रवाई होगी।
स्थानीय लोगों ने कानपुर नगर निगम की इस कार्रवाई का समर्थन किया है।






