February 27, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
एक एक्सिडेंट में घायल बुजुर्ग की देर शाम मौत हो गई। एक ट्रक और कार की आमने-सामने की टक्कर में बुजुर्ग और एक युवक गंभीर रूप से घायल हुए थे। हादसा धरमपुर बंबा के पास हुआ था। घायलों को पतारा सीएचसी से कानपुर रेफर किया गया था, जहां देर शाम बुजुर्ग की मौत हो गई।
हमीरपुर जिले के चंदापुर गांव निवासी सौरभ पाण्डेय और रमाकांत पाण्डेय कार से जा रहे थे। कानपुर-सागर हाईवे पर धरमपुर बंबा के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
हादसे में कार सवार सौरभ और रमाकांत गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और एंबुलेंस की मदद से घायलों को पतारा सीएचसी पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को गंभीर हालत में कानपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान बुजुर्ग रमाकांत पाण्डेय ने दम तोड़ दिया।
घाटमपुर इंस्पेक्टर दिनेश सिंह बिष्ट ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि इलाज के दौरान रमाकांत पाण्डेय की मौत हो गई है। पुलिस ने परिजनों को सूचित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। युवक सौरभ पाण्डेय की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। 

Related News