
संवाददाता
कानपुर। ट्रैफिक पुलिस ने बिना क्यूआर कोड वाले सौ से ज्यादा ई-रिक्शों को सीज कर दिया। पुलिस को देखकर घंटाघर, परेड, नौबस्ता, किदवईनगर, कल्याणपुर और वीआईपी रोड पर ई-रिक्शा चालक भाग गए।
शहर में जाम की समस्या को देखते हुए ई-रिक्शा के लिए 40 रूट तय किए हैं। अप्रैल, मई और जून में विभिन्न क्षेत्रों में कैंप लगाकर ई-रिक्शा का पंजीयन किया गया। शहर में 70 हजार से अधिक ई-रिक्शे चल रहे हैं। इनमें से केवल 7500 का पंजीयन हुआ है।
नगर निगम ने पंजीयन और क्यूआर कोड जारी करने के लिए काउंटर खोले थे। लेकिन केवल 1651 चालकों ने ही क्यूआर कोड लिया। इस कोड में चालक, ई-रिक्शे और रूट की जानकारी दर्ज होती है। चालकों को किस रूट पर और कहां तक जाना है, क्यूआर कोड के माध्यम से यह पता किया जा सकता है।
इस तरह से ई रिक्शा संचालन करने से शहर में जाम की समस्या से निजात मिलेगी। इसकी वजह से शहर में चल रहे अवैध ई रिक्शा भी गायब हो जाएंगे।
डीसीपी ट्रैफिक रवींद्र कुमार और एडीसीपी ट्रैफिक अर्चना सिंह के नेतृत्व में यह अभियान चलाया गया। डीसीपी ने बताया कि ई-रिक्शा पार्किंग के लिए 10 स्थान चिह्नित किए गए हैं। इन स्थानों पर 25 हजार ई-रिक्शे खड़े कर सकते हैं। इस अभियान को और बड़े स्तर पर चलाया जाएगा।






