
संवाददाता
कानपुर। बिधनू थानाक्षेत्र के बिनगवां गांव के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार दंपति को टक्कर मार दी। हादसे में पत्नी की मौके पर मौत हो गई। पति को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
आगरा के हसन जहानपुर बरहन निवासी सुरेश सिंह और उनकी पत्नी शांति कुल्हौली गांव स्थित मायके जा रहे थे। सेन पश्चिम पारा मे बिनगवां के पास पीछे से आए डंपर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों सड़क पर गिर पड़े।
शांति डंपर के पहिए के नीचे आ गईं और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। सुरेश को गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने घायल सुरेश को तुरंत अस्पताल पहुंचाया और परिजनों को सूचना दी गई। हादसे के बाद डंपर चालक वाहन समेत फरार हो गया।
मृतका के भाई संग्राम सिंह ने बताया कि उनकी बहन और बहनोई अक्सर आगरा से बाइक पर आते-जाते थे।
थाना प्रभारी केपी सिंह ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।






