March 16, 2026

संवाददाता 

कानपुर।  बिधनू थाना क्षेत्र में अवैध खनन पर अंकुश लगाने के दावों पर सवाल उठ रहे हैं। पुलिस द्वारा पकड़े गए मिट्टी से लदे एक डंपर पर छह दिन बीत जाने के बाद भी अब तक कोई ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं हुई है। इससे पुलिस और प्रशासन की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिह्न लग गया है।
लगभग छह दिन पहले बिधनू पुलिस ने क्षेत्र में अवैध रूप से मिट्टी का खनन कर रहे माफियाओं के खिलाफ अभियान चलाया था। इस दौरान मिट्टी से लदे एक डंपर को मौके पर पकड़ा गया और उसे थाने लाकर खड़ा कर दिया गया था।
हैरानी की बात यह है कि छह दिन गुजरने के बावजूद डंपर मालिक या खनन माफियाओं के खिलाफ अब तक कोई कार्यवाही नहीं की गई है। इस देरी को लेकर स्थानीय लोगों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
इस संबंध में बिधनू पुलिस का कहना है कि उन्होंने अपनी तरफ से कार्रवाई पूरी कर ली है। पुलिस के अनुसार, डंपर को पकड़कर थाने लाया गया था और लेखपाल द्वारा मिट्टी खनन की मौके की जांच भी की जा चुकी है।
पुलिस ने बताया कि जांच रिपोर्ट, जिसमें अवैध खनन की पुष्टि की गई है, एसडीएम सदर को भेज दी गई है। हल्का प्रभारी शिवम शर्मा ने कहा कि अब आगे की कार्रवाई एसडीएम सदर के निर्देशों पर निर्भर करती है। जैसे ही वहां से रिपोर्ट के आधार पर निर्देश प्राप्त होंगे,विधिक कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों में इस बात को लेकर चर्चा है कि एक स्पष्ट मामले में रिपोर्ट आने और कार्यवाही होने में इतना लंबा समय क्यों लग रहा है। यह सवाल उठ रहा है कि क्या यह केवल प्रशासनिक देरी है या खनन माफियाओं को बचाने का प्रयास किया जा रहा है। 

Related News