
संवाददाता
कानपुर। भाऊपुर और अलीगढ़ में रविवार को हुई मालगाड़ी के बेपटरी होने की घटना का असर रेल यातायात पर देखा गया। रेलवे ट्रैक के आसपास पटरी से उतरे डिब्बों को हटाने के बाद रेलवे के द्वारा कार्य कराया जा रहा है।
ट्रैक और पटरियों का परीक्षण भी कराया जा रहा है, जिसके चलते नई दिल्ली-सियालदह राजधानी एक्सप्रेस देरी से कानपुर सेंट्रल पहुंची।
इस दौरान कई प्रमुख ट्रेनों की आवाजाही प्रभावित रही। भागलपुर-गांधीधाम स्पेशल 13 घंटे देरी से चली। दरभंगा-नई दिल्ली स्पेशल साढ़े पांच घंटे लेट रही। बरौनी-नई दिल्ली स्पेशल साढ़े तीन घंटे की देरी से चली।
वाराणसी वंदे भारत दो घंटे और बिहार संपर्क क्रांति ढाई घंटे विलंब से चलीं। संपूर्ण क्रांति एक्सप्रेस और पूर्वा एक्सप्रेस समेत कुल 3 दर्जन से अधिक ट्रेनें अपने निर्धारित समय से देरी से पहुंचीं।
परिस्थितियों को देखते हुए लगभग 1035 यात्रियों ने अपने टिकट रद्द करा दिए और वैकल्पिक यातायात के साधनों से अपने गंतव्य की ओर प्रस्थान किया।






