
संवाददाता
कानपुर। बिल्हौर तहसील क्षेत्र के उत्तरी पूरा कस्बे में रोडवेज बसों के न पहुंचने से यात्रियों में भारी रोष है। बसें नेशनल हाईवे से सीधे गुजर रही हैं, जिससे दैनिक यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
यात्रियों का कहना है कि रोडवेज बसें उत्तरीपूरा, शिवराजपुर और चौबेपुर जैसे कस्बों को छोड़कर सीधे हाईवे से निकल जाती हैं। इसके कारण यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए हाईवे पर उतरकर लगभग तीन किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है।
यात्रियों ने बताया कि पहले सीएनजी बसों का संचालन होता था, जिससे कस्बा वासियों को आसानी से यात्रा करने की सुविधा मिलती थी। अब सीएनजी बसों का संचालन बंद होने के बाद यह समस्या बढ़ गई है। यात्रियों के साथ कई बार छीना-झपटी की घटनाएं भी हो चुकी हैं।
इस पूरे मामले पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों ने चुप्पी साध रखी है, जिससे यात्रियों की समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।






