April 19, 2026

संवाददाता 

कानपुर। शहर में गर्मी अब अपने तेवर दिखाने लगी है। 
दोपहर होते-होते सड़कों पर सन्नाटा नजर आया। जो लोग बाहर निकले, वे सिर और चेहरे को कपड़ों से ढककर गर्मी से बचाव करते दिखे। अब गर्मी के साथ उमस भी अपना असर दिखाएगी। गर्मी और उमस के इस दोहरे असर से लोगों की परेशानी बढ़ना तय है। विशेषज्ञों ने दोपहर के समय अनावश्यक बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की सलाह दी है।
दोपहर की तपिश इतनी तेज रही कि चौराहों और बाजारों में आम दिनों की तुलना में भीड़ कम नजर आई। गर्म हवाओं और चिलचिलाती धूप के चलते लोगों को घरों में ही रहने पर मजबूर होना पड़ा। पेय पदार्थों की दुकानों पर ठंडे पानी, शिकंजी और जूस की मांग बढ़ गई है। वहीं, अस्पतालों में भी गर्मी से जुड़ी समस्याओं जैसे डिहाइड्रेशन और चक्कर आने के मामलों में इजाफा देखने को मिल रहा है।
एयरफोर्स स्टेशन पर अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो इस सीजन का अब तक का सबसे अधिक स्तर है। सुबह से ही निकली तेज धूप ने लोगों को बेहाल कर दिया।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय के अनुसार फिलहाल मौसम में ज्यादा राहत के आसार नहीं हैं। रविवार सुबह से ऊंचे बादलों की आवाजाही के चलते धूप थोड़ी नरम रह सकती है, लेकिन अरब सागर से आ रही नमी के कारण उमस बढ़ेगी। तापमान में करीब 1 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है, हालांकि बारिश होने की कोई संभावना नहीं है।