
संवाददाता
कानपुर। गोविंद नगर में किराए पर रहने वाले युवक से विवाद के बाद महिला ने उसे मारा पीटा और पुलिस बुला ली। पुलिस के डर से युवक ने खुद को कमरे में बंद कर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। युवक के आत्महत्या की सूचना पर महिला भाग निकली। मोहल्ले के लोगों ने युवक के पिता को घटना की जानकारी दी, जिसके बाद फोरेंसिक टीम ने दरवाजा तोड़कर युवक को फंदे से उतारा। परिजनों ने पुलिस पर बेटे को धमकाने का आरोप लगाया है।
मूलरूप से कन्नौज जनपद के ठठिया बसावनपुरवा निवासी हाकिम सिंह मजदूरी करते हैं। परिवार में पत्नी नीलम देवी और तीन बेटे हैं। बेटी शिवानी की शादी हो चुकी है। हाकिम ने बताया कि वह मझले बेटे अमन के साथ गोविंद नगर नटराज सिनेमा के पास सुमित पाल के मकान में किराए पर रहते हैं। आज वह शिवराजपुर के काकूपुर अपनी ससुराल गए थे, जबकि बेटा अमन घर पर अकेला था।
बेटे ने मकान में ही रहने वाली महिला किराएदार से बात करने के लिए मोबाइल मांगा था। जिस पर महिला से उसका विवाद हो गया आरोप है कि विवाद के दौरान उसने अमन को मारापीटा और पुलिस बुला ली। पिता हाकिम ने बताया कि पुलिस के आने पर अमन ने डर की वजह से खुद को कमरे में बंद कर लिया। जिस पर पुलिसकर्मी दरवाजा पीटकर उसे धमकाते रहे, जिसके बाद उसने दहशत में आकर आत्महत्या कर ली। बेटे के आत्महत्या की सूचना पर पुलिसकर्मियों और आरोपी महिला के हाथ–पांव फूल गए और सभी भाग निकले।
साथी किराएदारों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंचे और दीवार तोड़ी तो अमन का शव फंदे पर लटकता मिला।
जिसके बाद गोविंद नगर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल कर साक्ष्य जुटाए। परिजनों ने बताया कि सात माह पहले अमन को चोरी के मामले में पुलिस ने पीटा था, जिसके बाद से वह पुलिस से काफी डरने लगा था।
डीसीपी साउथ दीपेंद्रनाथ चौधरी ने बताया कि प्रकरण संज्ञान में नहीं है,जांच कराई जाएगी जो भी पुलिसकर्मी दोषी पाए जाएंगे उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।






