
संवाददाता
कानपुर। कल्याणपुर में 11वीं की छात्रा ने सुसाइड कर लिया। परीक्षा की तैयारी कर रही बेटी को जगाने मां कमरे में पहुंची तो फंदे पर बेटी का शव लटका मिला। परिजनों के अनुसार दो विषय अर्थशास्त्र व गणित में छात्रा की बैक लगी थी।इसी तनाव में छात्रा ने यह कदम उठाया है।
मकड़ीखेड़ा के चेतनविहार के रहने वाले सुनील कुमार धर पीडब्ल्यूडी एनएच में ड्राइवर हैं। उनके परिवार में पत्नी सुषमा, बेटी वर्शाली व बेटा निवेदन है। पिता ने बताया कि वर्शाली मरियमपुर स्कूल से ग्यारहवीं की छात्रा थी। अर्थशास्त्र व गणित में उसके कम नंबर आए थे, जिसका रिपेपर होना था। बेटी उसी की तैयारी में लगी थी, इसलिए अलग कमरे में देर रात तक पढ़ाई करती थी।
उन्होंने बताया कि वह रोज की तरह गंगा स्नान के लिए गंगाबैराज स्थित अटल घाट गए थे। पत्नी बेटे को स्कूल छोड़ने वुडवाइन स्कूल गई थीं। वहां से लौटने के बाद बेटी को जगाने के लिए उसके कमरे में गई तो पंखे के कुंडे से दुपट्टे के सहारे उसका शव लटका देखकर चीख पड़ीं। आवास सुनकर वह कमरे में पहुंचे, लेकिन बेटी का शरीर ठंडा पड़ चुका था।
उन्होंने संभावना जताई कि बेटी ने देर रात ही फांसी लगाई है। करीब ही कुर्सी पड़ी थी, जिसके सहारे वह कुंडे तक पहुंची। सूचना पर पहुंची पुलिस व फॉरेंसिक ने जांच की। सुनील के अनुसार पुलिस ने बेटी का मोबाइल कब्जे में लिया है।
कल्याणपुर थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पुलिस पूछताछ के दौरान परिजनों ने बताया कि छात्रा की दो विषयों मे बैक लग चुकी थी जिससे वह परेशान थी। जिसके चलते फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। विधिक कार्रवाई की जा रही है।






