
संवाददाता
कानपुर। अब मानसून अपने अंतिम चरण में है। दक्षिण-पश्चिम मानसून की विदाई लगभग पूरी हो चुकी है और अब बंगाल की खाड़ी में उत्तर-पूर्वी हवाएं सक्रिय हो गई हैं, जो पूर्वोत्तर मानसून के आगमन का संकेत दे रही हैं। इस बीच, कानपुर समेत मध्य उत्तर प्रदेश का मौसम अब साफ और शुष्क बना रहेगा।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ प्रो. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि अगले चार दिनों तक आसमान साफ रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है।
कानपुर मंडल में भी ऊंचे बादल और हल्की नमी आने की संभावना है, जिससे अधिकतम तापमान में हल्की वृद्धि दर्ज की जा सकती है।
बुधवार को कानपुर में अधिकतम तापमान 32.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 15.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ, जो सामान्य से 5.9 डिग्री नीचे रहा। दिन के समय अधिकतम आर्द्रता 87 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 38 प्रतिशत रही।
हवा की औसत गति 2.5 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई, जो उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर चली। मौसम विभाग के अनुसार, अब प्रदेश में सुबह और शाम की ठंडक धीरे-धीरे बढ़ने लगी है, जबकि दिन के समय धूप हल्की गर्माहट दे रही है।
प्रो. पांडेय ने बताया कि अगले सप्ताह महाराष्ट्र, दक्षिणी गुजरात और मुंबई में वर्षा होने की संभावना है, जो पूर्वोत्तर मानसून की शुरुआत का संकेत होगी।
कुल मिलाकर प्रदेश में अब शरद ऋतु के आगमन के साथ मौसम सुहावना और स्थिर बना रहेगा।