
संवाददाता
कानपुर। रायपुरवा थानाक्षेत्र में डिप्टी पड़ाव चौराहे पर नशे में धुत एक युवक ने अपने हाथ और सीने पर ब्लेड मारकर खुद को लहुलुहान कर लिया। युवक की हालत देखकर चौराहे पर आने जाने वाले लोगों में अफरातफरी मच गई।
लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने युवक को रोकने की कोशिश की तो नशे में घायल युवक पुलिस से भी भिड़ गया। उसने घायलावस्था में हाथ में ब्लेड लेकर लोगों को दौड़ने की कोशिश की। जिसपर लोगों ने भागकर अपनी जान बचाई।
युवक का खून ज्यादा बहने के कारण कुछ ही देर में वह शिथिल होकर सड़क पर गिर गया।
इसके बाद रायपुरवा पुलिस ने उसे हैलट अस्पताल में भर्ती कराया। इंस्पेक्टर संजय गौड़ ने बताया कि युवक क्षेत्र में ही घूमकर नशा करता है, उसने खुद को ब्लेड मारकर घायल किया है।
ज्यादा नशे में होने की वजह से वह अपना नाम, पता तक नहीं बता पा रहा है। आसपास के लोगों से पता लगाया जा रहा है। डॉक्टर के अनुसार उसकी हालत गम्भीर बनी हुई है।






