March 5, 2026

संवाददाता
कानपुर।
 बिल्हौर में धान लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हुए चालक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने 141 क्विंटल धान की खेप को गबन करके दूसरी जगह बेच दिया था। पुलिस ने उसके पास से धान बिक्री के 1 लाख 40 हजार रुपए भी बरामद किए हैं। आरोपी को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया गया है।
मिर्जापुर क्षेत्र के पिपरिया महामलपुर कछवा निवासी अम्बिका प्रसाद जायसवाल ने पुलिस को तहरीर दी थी कि उनकी फर्म जय मां वैष्णो ट्रेडर्स ने 141 क्विंटल धान उत्तरीपुरा के प्यारेलाल राहुल कुमार फर्म को बेचा था।
पीड़ित के अनुसार, 14 दिसंबर को धान लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को उत्तरीपुरा मंडी समिति में विधिवत एंट्री कराने के बाद क्रेता फर्म ने धर्मकांटे पर खड़ा करवा दिया था। इस दौरान चालक मौके पर ही मौजूद था।
तीन दिन बाद क्रेता फर्म ने जानकारी दी कि धान लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर चालक फरार हो गया है। पता चला कि चालक ने धान को किसी और जगह बेच दिया और रकम लेकर गायब हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू की। कार्यवाहक थाना प्रभारी प्रेमवीर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए अलीगढ़ के मखीपुर पाली थाना क्षेत्र के जीवाराम नगला निवासी चालक देवेंद्र कुमार पुत्र खजान सिंह को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी देवेंद्र कुमार के पास से धान बिक्री के 1 लाख 40 हजार रुपये बरामद किए हैं। पूछताछ के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।