March 3, 2026

संवाददाता
कानपुर।
बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश से लोगों को राहत तो मिल गई है। लेकिन उम्मीद से कम बारिश से लोगों को निराशा हाथ लगी। लोगों को हीटवेव से राहत मिल गई है। अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 5-5 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार सुबह से घने काले बादल छाए हुए थे। मौसम विभाग के मुताबिक 21 तक आंधी-बारिश के आसार हैं।
सात जून से लगातार अधिकतम तापमान 40 डिग्री के ऊपर चल रहा था। अप्रैल से जून के बीच यह पहला मौका था जब लगातार हीट वेव चली। खास बात यह भी रही कि इस दौरान पूर्वी हवाएं चलती रहीं, जिससे उमस बढ़ गई। हीट इंडेक्स 64 तक पहुंच गया जो रेड जोन में आता है। रविवार को झुलसाने वाली गर्मी से राहत मिल गई।
बंगाल की खाड़ी और अरब सागर की ओर से आ रही लगातार नमी के चलते बादल बनने लगे। वहीं रविवार को भी बादलों की आवाजाही बनी रही, लेकिन बारिश नहीं हुई। सीएसए के वेदर स्टेशन पर अधिकतम तापमान 42.9 से 38.1 डिग्री सेल्सियस और रात का पारा 30.6 से 25.8 डिग्री सेल्सियस रहा। दिन और रात के तापमान करीब 5-5 डिग्री गिरे।
न्यूनतम तापमान फिर सामान्य से नीचे आ गया। तेज ठंडी हवाओं की वजह वातावरण में अधिकतम नमी रही। मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि उत्तर प्रदेश के रडार पर मौसमी गतिविधियां दिखने लगी हैं। इनमें कहीं-कहीं तेज हवाएं चली हैं तो कहीं हल्की बारिश हुई है। इस सप्ताह लगातार प्रदेश में गतिविधियां बनी रहेंगी।