March 28, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
दिनों दिन गहराते गैस संकट के बीच आम जनता की परेशानी बढ़ गई है। गैस किल्लत और कालाबाजारी की शिकायतों के बीच जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार खुद मोर्चा संभाले हुए हैं। कलेक्ट्रेट के कंट्रोल रूम में 1 हजार शिकायतें मिल चुकी हैं। करीब 500 शिकायतों का समाधान हो गया है। टीमों को फील्ड में उतारकर कार्रवाई की जा रही है।
जिलापूर्ति अधिकारी ने बताया कि अब तक हुई छापेमारी में 110 से अधिक घरेलू गैस सिलेंडर बरामद किए गए हैं। 40 से 50 कमर्शियल सिलेंडर जब्त हुए हैं। 10 लोगों के खिलाफ अलग-अलग क्षेत्रों में एफआईआर दर्ज कराई गई है। अब तक करीब 1000 शिकायतें आ चुकी हैं। हमने एक रजिस्टर बनाकर सभी शिकायतों का रिकॉर्ड रखा है। लगभग 50% शिकायतों का निस्तारण कर दिया गया है, बाकी पर काम जारी है।
उन्होंने बताया कि लोगों की सबसे बड़ी समस्या है कि बुकिंग के बाद भी गैस सिलेंडर की डिलीवरी नहीं हो रही। मैसेज आ जाता है, लेकिन सिलेंडर घर नहीं पहुंचता। हम लोगों से धैर्य रखने की अपील कर रहे हैं और जरूरी मामलों में तुरंत कार्रवाई भी कर रहे हैं।
पूरे जिले को जोन में बांटा गया है। शहर में 11 टीमें और ग्रामीण क्षेत्रों में 4 टीमें काम कर रही हैं। हर टीम में इंस्पेक्टर, एआरओ और स्टाफ शामिल है। मैं खुद और एडीएम भी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं। जहां भी गड़बड़ी की सूचना मिलती है, तुरंत छापा मारा जाता है।
उन्होंने बताया कि हमारा कंट्रोल रूम 24 घंटे सक्रिय है। 4 टीमें 6-6 घंटे की शिफ्ट में काम कर रही हैं। कोशिश है कि कोई भी शिकायत अनसुनी न रहे। सामान्य तौर पर डिलीवरी में 4 से 6 दिन का समय लग रहा है।
अब तक की छापेमारी में अब तक 110 से ज्यादा घरेलू सिलेंडर और 40-50 कमर्शियल सिलेंडर जब्त किए गए हैं। अलग-अलग क्षेत्रों में 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
हमारी प्राथमिकता है कि सप्लाई चेन को सुचारू रखा जाए और हर जरूरतमंद तक गैस पहुंचे। इसके लिए लगातार निगरानी और कार्रवाई जारी रहेगी।