January 22, 2026

संवाददाता
कानपुर।
  जिला प्रशासन ने संशोधित सर्किल रेट की सूची जारी कर दी है।  मूल्यांकन के नए नियम तय किए गए हैं। अब इलाकों में सर्किल रेट घटाने का भी प्रस्ताव है। प्रशासन ने इन संशोधित कटौती वाली दरों पर 16 जनवरी तक आपत्तियां मांगी हैं।
आपत्तियों को डीएम और एडीएम एफआर के कार्यालय में दर्ज कराया जा सकता है। आपत्तियों के निस्तारण के बाद फाइनल सूची जारी की जाएगी। दरें कम होने से जमीन या मकान की रजिस्ट्री कराने वालों को राहत मिल सकती है। संशोधित सूची को कानपुर नगर की एनआईसी वेबसाइट पर अपलोड करा दिया गया है।
उपनिबंधकों की रिपोर्ट के बाद एडीएम वित्त एवं राजस्व विवेक चतुर्वेदी ने संशोधित सर्किल दरों की सूची जारी कर दी है। फ्लैट और चार मंजिला भवन में निर्माण मूल्य पर छूट मिलेगी। इससे अधिक में कोई छूट नहीं मिलेगी। प्रीमियम फ्लैट के निर्माण मूल्य में 35 से 50 फीसदी तक वृद्धि का प्रस्ताव है।
न्यू कानपुर सिटी परियोजना के तहत ग्राम गंगपुर चकबदा, सम्भरपुर, सिंहपुर कछार और हिन्दुपुर की करीब 89.86 हेक्टेयर अर्जन योग्य भूमि पर 2 सितंबर 2024 और 6 सितंबर 2025 की सर्किल दरों से प्रभावित नहीं होंगे। इससे परियोजना क्षेत्र में जमीन सौदों को स्थिरता मिलेगी। 

बताते चलें कि जिला प्रशासन ने 6 सितंबर 2025 को नया सर्किट रेट लागू किया गया था। जिसके बाद कई वकीलों ने आपत्ति जताई थी। अलग-अलग पत्र लिखकर नई दरों को संशोधित करने की मांग की थी।
संशोधित सूची में कृष्णा नगर में सर्किल रेट घटे हैं। यहां की आवासीय दरें 27,000 से 24,000 रुपए, 38,000 से 34,000 रुपए, 49,000 से 44,000 रुपए की गई हैं। दुकान व कामर्शियल भूमि की दरें 51,000 से 46,000 रुपए, 59,000 से 53,000 रुपए, 75,000 से 67,000 रुपए की गई गई हैं। इसके अलावा मोहल्ला चन्दारी में भी सर्किल रेट घटाए गए हैं।
यहां आवासीय दरें 16,000 से 14,000 रुपए, 24,000 से 22,000 रुपए व 30,000 से 27,000 रुपए हुई हैं। इसके अलावा दुकान व कामर्शियल भूमि की दरें 47,000 से 42,000 रुपए, 54,000 से 48,000 रुपए व 62,000 से 56,000 रुपए की गई हैं।
उप निबंधन सदर द्वितीय की दर सूची में छलेलपुरवा का नाम हटाकर दलेलपुरवा दर्ज किया गया है। साथ ही व्यवसायिक भूखण्ड पर नई व्यवस्था व्यापार नगर, इस्पात नगर और न्यू ट्रांसपोर्ट नगर में स्थित रिक्त व्यवसायिक भूखण्ड का मूल्यांकन अब आवासीय दर में 35 प्रतिशत अतिरिक्त वृद्धि करके किया जाएगा। 

Related News