March 10, 2026

संवाददाता

कानपुर।  शिवराजपुर ब्लॉक स्थित ग्राम पंचायत काकूपुर सीताराम में सफाई व्यवस्था पूरी तरह से ठप पड़ी है। गांव की नालियां टूटी हुई हैं। इनसे गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि कोई भी सफाई कर्मचारी नालियों की सफाई नहीं करता। गंदगी के कारण आम रास्ते पर चलना मुश्किल हो गया है। 

स्थानीय निवासियों ने कई बार प्रधान और सचिव को इस समस्या से अवगत कराया है।
गांव के शिवप्रसाद, अमित कुशवाहा, लालू और पंकज ने बताया कि नालियों की सफाई का काम पूरी तरह बंद है। स्वच्छ भारत अभियान के तहत गलियों और सड़कों को साफ रखने का प्रावधान है। लेकिन प्रधान राजेश दिवाकर और सचिव शिवपाल इस योजना पर ध्यान नहीं दे रहे हैं।
वे न तो सफाई कर्मचारियों को भेज रहे हैं और न ही नालियों का पुनर्निर्माण करवा रहे हैं। गंदगी के कारण गांव में बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। 

ग्रामीण चाहते हैं कि प्रधान और सचिव इस समस्या का तुरंत समाधान करें।