
संवाददाता
कानपुर। शहर में मानसून का असर लगातार देखने को मिल रहा है। तेज बारिश ने जहां तापमान में गिरावट दर्ज कराई, वहीं कई इलाकों में जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना भी करना पड़ा।
मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल बरसात का यह सिलसिला जारी रहेगा। बुधवार को सुबह से ही आसमान में बादल छाए रहे और बीच-बीच में धूप भी निकली। हालांकि दिन के समय हल्की फुहारें पड़ सकती हैं, लेकिन शाम को बारिश तेज होने का अनुमान है।
चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, कानपुर के वरिष्ठ मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि शहर में गुरुवार शाम तक 5 से 7 मिलीमीटर बारिश दर्ज हो सकती है।
मंगलवार को शहर में झमाझम बारिश हुई थी। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार पिछले 24 घंटे में 34.8 मिमी वर्षा रिकॉर्ड हुई। इस दौरान अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक रहा। वहीं, न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 1.8 डिग्री कम रहा।
हवा की औसत रफ्तार 4.4 किलोमीटर प्रति घंटा रही, इसकी दिशा दक्षिण-पूर्वी रही। नमी का स्तर भी काफी ज्यादा बना रहा। सुबह की अधिकतम सापेक्षिक आर्द्रता 98 प्रतिशत और शाम की न्यूनतम आर्द्रता 90 प्रतिशत दर्ज की गई। इसके चलते उमस भी बनी रही।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने 5 सितम्बर तक के लिए पूर्वानुमान जारी किया है। विभाग के अनुसार, इस अवधि में हल्के बादल बने रहेंगे और गरज-चमक के साथ स्थानीय स्तर पर हल्की बारिश की संभावना बनी रहेगी।
साथ ही बीच-बीच में तेज हवाएं भी चल सकती हैं। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि फिलहाल शहर में मानसून की सक्रियता बनी हुई है। बारिश से तापमान में बड़ी बढ़ोतरी की संभावना नहीं है।






