February 13, 2026

संवाददाता

कानपुर। बदहाल सफाई व्यवस्था, सीवर भराव और जर्जर सड़कों को लेकर लोगों ने सोमवार को प्रदर्शन किया। दबौली वेस्ट वार्ड-72 में क्षेत्रीय समस्याओं के विरोध में सैकड़ों महिलाएं ढोलक और मंजीरा लेकर सड़कों पर उतर आईं। महिलाओं ने महापौर, विधायक और क्षेत्रीय पार्षद के खिलाफ अनोखा और जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान महिलाएं हाथों में स्लोगन लिखी लाल तख्तियां लिए नजर आईं और ढोल-मंजीरे बजाकर नगर निगम को जगाया। ‘महापौर होश में आओ’ जैसे नारे लगाए गए। काफी देर तक सड़क पर प्रदर्शन चलता रहा, 
इलाके के लोगों का कहना है कि वार्ड में कई सालों से सीवर ओवरफ्लो, जलभराव और खराब सड़कों की समस्या बनी हुई है। बारिश के समय हालात और भी बदतर हो जाते हैं। लोगों का आरोप है कि बार-बार शिकायत करने के बावजूद सफाई व्यवस्था में कोई सुधार नहीं किया गया।
प्रदर्शन कर रही महिलाओं और स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि विधायक और पार्षद की अनदेखी के कारण क्षेत्रवासियों को नारकीय जीवन जीने को मजबूर होना पड़ रहा है। उनका कहना है कि कोई भी उनकी समस्याओं को सुनने वाला नहीं है।
यह प्रदर्शन कांग्रेस नेता एवं पूर्व पार्षद जेपी पाल की अगुवाई में किया गया। जेपी पाल ने कहा कि अगर जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो क्षेत्रीय जनता के साथ मिलकर नगर निगम का घेराव किया जाएगा और जनता की आवाज को और बुलंद किया जाएगा।
प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि वर्तमान पार्षद न तो जनता की बात सुनते हैं और न ही फोन उठाते हैं। मजबूर होकर उन्हें सड़क पर उतरकर विरोध करना पड़ रहा है। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि सफाई, सीवर और सड़क की समस्याएं जल्द दूर नहीं हुईं तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। 

Related News