March 10, 2026

संवाददाता

कानपुर। घाटमपुर में नवरात्रि के पावन पर्व पर मां कूष्मांडा देवी मंदिर में भव्य दीपदान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जैसे ही सूरज ढलने लगा, मंदिर परिसर में सवा लाख दीपों के एकसाथ प्रज्ज्वलन से वातावरण पूरी तरह जगमगा उठा। मंदिर के तालाब, परिक्रमा मार्ग, यज्ञशाला और मुख्य द्वार को सात लाख झालरों से सजाया गया था, जिससे भक्तों का मन आनंदित हो गया। दीपों की झिलमिल रोशनी और आकर्षक सजावट ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
नगर के अलावा दूर-दराज के गांवों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिर में पहुंचे और माता के दरबार में भोग प्रसाद चढ़ाया। दीपदान कार्यक्रम में बुजुर्ग, बच्चे, युवक और महिलाएं उत्साह के साथ शामिल हुए।
इस अवसर पर घाटमपुर विधायक सरोज कुरील भी उपस्थित रहे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और घाटमपुर वासियों के सुख-समृद्धि और सुरक्षा के लिए मां कूष्मांडा देवी से आशीर्वाद मांगा।
नगर पालिका अधिकारियों ने भक्तों की सुविधा और सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए। समय-समय पर माइक के जरिए भक्तों को दिशा-निर्देश दिए जा रहे थे। मंदिर परिसर में खोया-पाया केंद्र भी बनाया गया था।
सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रही। घाटमपुर इंस्पेक्टर धनंजय कुमार पांडेय ने बताया कि कानपुर-सागर हाईवे पर विशेष सतर्कता बरती गई। शाम 6 बजे से 8 बजे तक मंदिर पहुंचने वाले बच्चों और महिलाओं को सुरक्षित रूप से मंदिर तक पहुंचने के लिए ट्रैफिक को नियंत्रित किया गया।
इस भव्य आयोजन ने भक्तों में आस्था और श्रद्धा का वातावरण बना दिया। दीपदान की झिलमिल रोशनी और सजावट ने मंदिर परिसर को वैभवपूर्ण रूप दिया। मंदिर आने वाले सभी श्रद्धालुओ ने दीप प्रज्ज्वलित कर मां कूष्मांडा देवी के प्रति अपनी भक्ति और प्रेम व्यक्त किया। इस कार्यक्रम ने घाटमपुर नगर और आसपास के क्षेत्रों में नवरात्रि की खुशियां दोगुनी कर दी।