
संवाददाता
कानपुर। बिठूर में गोबर के ढेर में गिरकर बुजुर्ग रिटायर्ड टीचर की मौत हो गई। 5 दिन पहले उनकी आंखों का ऑपरेशन हुआ था। वह लघुशंका के लिए गए थे, जिस दौरान हादसा हो गया। सुबह सोकर उठे परिजनों ने उन्हें औंधे मुंह गोबर के ढेर में पड़ा देखकर निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
टिकरा निवासी विष्णु नारायण बाजपेई वर्ष 2008 कल्याणपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय से शिक्षक के पद से रिटायर हुए थे। परिवार में पत्नी मीरा, बेटा दीपक व चार बेटियां है। दीपक ने बताया कि पिता की आंखों में मोतियाबिंद था, जिसका बीते बुधवार को ऑपरेशन कराया था।
कल रात करीब 9 बजे खाना खाने के बाद पिता कमरे में सोने चले गए थे, इसके बाद देर रात वह लघुशंका के लिए घर के बाहर बने वाशरूम में जाने लगे, इस दौरान घर के बाहर पड़े गोबर के ढेर में वह गिर कर दब गए।
सुबह सोकर उठे परिजनों ने उन्हें गोबर के ढेर के पड़ा देख कर अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
जानकारी पर मौके पर पहुंची बिठूर पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।






