March 12, 2025

आ स. संवाददाता 
कानपुर।
  गोविंद नगर इलाके में तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रही महिला को कुचल दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। महिला को टक्कर मारने वाला कार सवार मौके से फरार हो गया। इलाकाई लोगों ने पुलिस को घटना की सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद महिला के शव को परिजनों को सौंप दिया गया।
गोविंद नगर के दबौली वेस्ट निवासी विनोद कुशवाहा की पत्नी किरन कुशवाहा दादा नगर स्थित एक फैक्ट्री में काम करती थीं। उनके परिवार में एक बेटी आनंदी भी है। पिता मन्ना ने बताया कि रोज की तरह बेटी दादा नगर फैक्ट्री में काम करने गईं थीं। देर शाम फैक्ट्री से निकलने के बाद वह सड़क पार कर रही थीं। तभी तेज रफ्तार कार ने किरन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थीं कि वह करीब छ: से सात फीट हवा में उछलकर सिर के बल जमीन पर जा गिरी। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गोविंद नगर इंस्पेक्टर प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गाड़ी नंबर चेक किया जा रहा है। मृतका के परिजनों से तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।