
संवाददाता
कानपुर। 50 बच्चों से भरी स्कूली बस की बाइक से टक्कर हो गई। इसके बाद बस बेकाबू होकर नहर में पलट गई। हादसे में बाइक सवार बाप-बेटे की मौत हो गई। बस में सवार 12 बच्चों को मामूली चोटें आईं।
हादसे के बाद चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़कर पहुंचे। कुछ बच्चों को शीशा तोड़कर बाहर निकाला गया, जबकि बाकी खुद ही बाहर निकल आए। हादसा रमईपुर-जहानाबाद मार्ग पर गुरुवार सुबह हुआ।
गुरुवार सुबह एक प्राइवेट स्कूल की बस साढ़ क्षेत्र से बच्चों को लेकर मिथलेश शिवमंगल सिंह उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोपालपुर जा रही थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस जैसे ही गोपालपुर गांव के पास पहुंची, सामने से एक बाइक आ गई। अचानक सामने आई बाइक को बचाने में बस ड्राइवर अपना स्टियरिंग कंट्रोल खो बैठा। बाइक को टक्कर मारने के बाद बस जाकर नहर में पलट गई।
बस के नहर में पलटने के बाद बच्चे डर के मारे चिल्लाने लगे। बच्चों की चीख-पुकार सुनकर गांव के लोग दौड़कर पहुंचे। जल्दी-जल्दी बस में फंसे बच्चों को बाहर निकाला गया। करीब 12 बच्चों को हल्की चोटें आई।
उन्हें इलाज के लिए भीतर गांव में स्थित सीएचसी पहुंचाया गया। फर्स्ट एड के बाद डॉक्टर ने बच्चों को घर भेज दिया। यह हादसा स्कूल से 500 मीटर की दूरी पर हुआ।
हादसे में बाइक सवार सुरेश निगम और बेटे राजू निगम की मौके पर मौत हो गई। दोनों पालपुर भीतरगांव के रहने वाले हैं। बेटा अपने पिता की आंखों का इलाज कराने के लिए कानपुर लेकर जा रहा था।
हादसे के बाद ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क जाम करके स्कूल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना था कि लापरवाही से यह हादसा हुआ है। ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को संभाला और शवो को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजवाया।
साढ़ थाना प्रभारी अवनीश सिंह ने बताया कि सभी बच्चे सुरक्षित निकाल लिए गए हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई। क्रेन से बस को बाहर निकाला जाएगा। बस चालक से पूछताछ की जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जाएंगे। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आगे कार्रवाई की जाएगी।






