March 14, 2026

संवाददाता
कानपुर। 
एक्सप्रेस रोड पर दबंगों ने एक युवक को दौड़ा–दौड़ा कर लातों–घूसों से जमकर पीटा। किसी तरह युवक जान बचा कर गली में भागा तो दबंगों ने उस पर पथराव कर दिया। घटना के दौरान वहां से गुजर रहे इलाकाई लोग भी घायल हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई, इस घटना की फुटेज सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई।

वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कैसे दबंग एक युवक को सड़क पर दौड़ा रहा है। जिसके बाद युवक गली में आकर रुकता है, वहां दबंग उसको एक के बाद एक थप्पड़ जड़ने लगता है। कुछ देर बाद उसके कई साथी आ जाते हैं, और युवक को गली से घसीट कर मेन रोड पर ले जाते है। जहां पर उसे सड़क पर गिरा कर लातों–घूसों से जमकर पिटाई करते है।
इस दौरान आसपास के लोग मूकदर्शक बनकर खड़े रहते है। युवक गली में घुस कर जान बचाने का प्रयास करता है, जिस पर दबंग पीछा करके उस पर पथराव कर देते है। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद है।
सोशल मीडिया पर घटना का वीडियो वायरल हो गया। कलक्टरगंज थाना प्रभारी ललित कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो मिला हैं, आरोपियों की पहचान की जा रही है।