March 12, 2026

संवाददाता
कानपुर।
सजेती थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हो गया। अज्योरी गांव के पास कानपुर-सागर हाईवे पर तेज रफ्तार कार ने 55 वर्षीय साइकिल सवार रामसनेही को टक्कर मार दी। हादसे के बाद कार चालक भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन एक ऑटो चालक ने साहस दिखाते हुए कार का पीछा किया और उसे रोककर पुलिस को सूचना दी।
मऊनखत गांव निवासी रामसनेही सजेती बाजार से सब्जी और घरेलू सामान खरीदकर साइकिल से घर लौट रहे थे। जब वह हाईवे पार कर रहे थे, पीछे से आ रही कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े।
सूचना पाकर सजेती पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को एंबुलेंस से पतारा सीएचसी ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान देर रात रामसनेही की मौत हो गई।
पुलिस ने कार को कब्जे में ले लिया है। 

सजेती थाना प्रभारी अवधेश कुमार ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।