October 23, 2024

आ स. संवाददाता 

कानपुर। नगर में कृषि शिक्षा देने के साथ ही नए नए अनुसन्धान करके कृषि जगत में नित नए अध्याय लिख रहे चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय कानपुर में एक किसान मेला और कृषि उद्योग प्रदर्शनी का आयोजन आने वाली 24 और 25 अक्टूबर  को किया जाएगा। विश्व विद्यालय के इस मेले में किसानों को स्मार्ट खेती और ड्रोन तकनीक से खेती की जानकारी दी जाएगी। किसानो की सुविधा के लिए बनाये गए विक्रय केंद्र से किसान मेले से उन्नत बीज की खरीद भी कर सकेंगे। 

इस मेले के बारे में जानकारी देते हुए विश्व विद्यालय के कुलपति डॉक्टर आनंद कुमार सिंह ने बताया कि हर साल आयोजित होने वाले इस कृषि मेले के आयोजन के लिए इस वर्ष किसानों को स्मार्ट खेती, ड्रोन तकनीक, विश्वविद्यालय द्वारा विकसित फसलों के उन्नत बीज और जैविक खेती जैसे आधुनिक विषयों पर जानकारी दी जाएगी। मेले में  किसानों की समस्याओं का समाधान भी किया जाएगा। कृषि विश्वविद्यालय की ओर से आयोजित किए जाने वाले इस मेले की मुख्य थीम “तकनीकी ज्ञान से आत्मनिर्भर किसान” है। इस मेले में किसानों को कृषि क्षेत्र की नई तकनीकों के बारे में जानकारी प्रदान की जाएगी। साथ ही किसानों को स्मार्ट एग्रीकल्चर और ड्रोन के उपयोग की जानकारी दी जाएगी। यहाँ पर किसान उत्पादक संगठन कैसे किसानों की आमदनी में वृद्धि कर सकते हैं, इसके बारे में भी बताया जाएगा। यह भी बताया जायगा कि प्राकृतिक और जैविक खेती से किसान कैसे सामंजस्य बनाएं और उत्पादन को बाजार से जोड़ कर किस प्रकार ज्यादा से ज्यादा लाभ मिल सकता है, इन सब पहलुओं पर विशेषज्ञ विस्तार से चर्चा करेंगे। 

विश्व विद्यालय के निदेशक प्रसार डॉक्टर आरके यादव ने बताया कि कि इस किसान मेले में देश एवं प्रदेश के कई हिस्सों के किसान प्रतिभाग करके लाभान्वित होंगे।