
संवाददाता
कानपुर। नगर के बिल्हौर स्थित अरौल थाना क्षेत्र के बेर्राखानपुर में फुलेरा दूज के अवसर पर खोजे बाबा के दरबार में भारी संख्या में श्रद्धालु उमड़ पड़े। सुबह से देर शाम तक भक्तों ने दर्शन-पूजन किया।
मुख्य मार्ग पर स्थित होने के कारण, आसपास के गांवों के साथ-साथ दूरदराज से भी बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। ऐसी मान्यता है कि फुलेरा दूज के दिन बाबा के दर्शन और आशीर्वाद से मनोकामनाएं पूरी होती हैं। इसी आस्था के साथ सैकड़ों श्रद्धालुओं ने यहां मत्था टेका और सुख-समृद्धि की कामना की।
इस अवसर पर भगवान सत्यनारायण की कथा का भी आयोजन किया गया। आचार्य राजू तिवारी ने संस्कृत और हिंदी में कथा का वर्णन करते हुए श्रद्धालुओं को धर्म, भक्ति और सेवा का संदेश दिया। कथा के दौरान पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
कथा समाप्त होने के बाद श्रद्धालुओं को प्रसाद और चरणामृत वितरित किया गया। महिलाओं, बुजुर्गों और युवाओं ने श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की। पूरे दिन भजन-कीर्तन और धार्मिक अनुष्ठानों से वातावरण गूंजता रहा।
देर शाम श्रद्धालु प्रसाद ग्रहण कर अपने घरों को लौटे।
स्थानीय लोगों के अनुसार, कई वर्षों से फुलेरा दूज पर यहां विशेष आयोजन होता आ रहा है। पीपल वृक्ष के नीचे स्थित बाबा का यह दरबार क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ग्रामीणों का मानना है कि बाबा अपने भक्तों को आशीर्वाद देकर उनकी मनोकामनाएं पूर्ण करते हैं।
यह आयोजन शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।






