February 22, 2026

संवाददाता

कानपुर। उ.प्र. खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड, कानपुर नगर द्वारा आयोजित मण्डल स्तरीय खादी एवं ग्रामोद्योग प्रदर्शनी वृजेन्द्र स्वरूप पार्क के लॉन नं. 2 में संचालित की जा रही है। प्रदर्शनी में खादी एवं ग्रामोद्योग बोर्ड, जिला उद्योग केन्द्र तथा स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित उत्पादों के प्रदर्शन एवं विक्रय हेतु खादी, ग्रामोद्योग एवं माटीकला से संबंधित कुल 105 स्टॉल स्थापित किए गए हैं।

प्रदेश सरकार की योजना के अनुरूप खादी एवं ग्रामोद्योग इकाइयों के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से मण्डल स्तर पर प्रतिवर्ष लघु प्रदर्शनियों का आयोजन किया जाता है, जिससे ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में स्थापित इकाइयों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध हो सके।

आज दिनांक 13 फरवरी 2026 को भी प्रदर्शनी स्थल पर नगरवासियों की अच्छी-खासी भीड़ देखने को मिली। खादी परिधानों की दुकानों पर लोगों ने उत्साहपूर्वक खरीदारी की। प्रदर्शनी में राजस्थान से आए “कुम्मावत नमकीन उद्योग” के स्टॉल पर शुद्ध बेसन से निर्मित भुजिया, मिक्स नमकीन एवं प्रसिद्ध बेसन के गट्टे की विशेष मांग रही। वहीं “कल्पतरू सेवा संस्थान” के स्टॉल पर खादी वस्त्रों की बिक्री भी उल्लेखनीय रही।

देहरादून से आए व्यापारी द्वारा जूट से निर्मित लेडीज चप्पलें आकर्षण का केंद्र बनी रहीं। “सक्षम इंटरप्राइजेज” के स्टॉल पर ‘मॉम मसाले’ की भी अच्छी बिक्री देखी गई। फर्म की संचालिका अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि उनके यहां मसालों का निर्माण महिलाओं द्वारा किया जाता है, जिससे उन्हें आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिलती है।

सुशील (शक्तिमान) एंड ग्रुप, कानपुर द्वारा खादी विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनसमूह को स्वदेशी उत्पादों के उपयोग हेतु प्रेरित किया गया, ताकि विभाग से जुड़े कुटीर उद्योगों एवं छोटे उद्यमियों के जीवन में आर्थिक सुदृढ़ता लाई जा सके।

दिनांक 14 फरवरी 2026 को सांस्कृतिक संध्या के अंतर्गत रिद्ध-सिद्ध म्यूजिक एकेडमी, लखनऊ की नीलू शुक्ला द्वारा लोकगीत एवं लोकनृत्य की प्रस्तुति दी जाएगी।

कार्यक्रम में अशोक कुमार शर्मा, परिक्षेत्रीय ग्रामोद्योग अधिकारी, सुरेश गुप्ता, अध्यक्ष, ग्रामोद्योग महासंघ, मनोज पाठक, राजीव द्विवेदी, वरुण जौहरी, हरेंद्र निषाद, राकेश गुप्ता, राजेश कुमार एवं विवेक त्रिवेदी सहित बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related News