March 29, 2026

संवाददाता 
कानपुर।
विकासखंड ककवन के ग्राम पंचायत दलेलपुर में ‘जल जीवन मिशन’ के तहत जल महोत्सव का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम नवनिर्मित पानी की टंकी के  परिसर में हुआ, जिसका मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को जल के महत्व और संरक्षण के प्रति जागरूक करना था।
इस अवसर पर क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे। इनमें ब्लॉक प्रमुख विनय यादव, ग्राम प्रधान धीरेंद्र कुमार, जल निगम के अधिशासी अभियंता मुकेश कुमार सिंह, सहायक अभियंता सतीश चंद्रा, सचिव बाबू सिंह यादव और कार्यदायी संस्था वीटीएल के परियोजना प्रबंधक जमील अहमद शामिल थे।
कार्यक्रम के दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जल को जीवन का आधार बताया। जल निगम के अधिशासी अभियंता मुकेश कुमार सिंह ने जल के सही उपयोग और भविष्य के लिए पानी बचाने के तकनीकी व व्यावहारिक तरीकों पर विस्तार से चर्चा की।
कार्यदायी संस्था वीटीएल के कर्मचारियों और ग्रामीणों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। उन्होंने संकल्प लिया कि वे न केवल स्वयं पानी की बर्बादी रोकेंगे, बल्कि पूरे समाज को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करेंगे।
ब्लॉक प्रमुख विनय यादव ने कहा कि ‘जल जीवन मिशन’ का लक्ष्य हर घर तक शुद्ध पेयजल पहुंचाना है। उन्होंने जोर दिया कि इस मिशन की सफलता ग्रामीणों की जागरूकता पर निर्भर करती है। कार्यक्रम का समापन सामूहिक जल संरक्षण शपथ के साथ हुआ।