
आ स. संवाददाता
कानपुर। कांग्रेस जिलाध्यक्षो के पद को लेकर अंदरखाने में राजनीति तेज हो गई है। होली के बहाने दावेदार प्रदेश अध्यक्ष अजय राय से लेकर प्रियंका गांधी तक दौड़ लगा रहे हैं। हालांकि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय से नामों की सूची प्रियंका गांधी को भेजी जा चुकी है। नामों की घोषणा पहले ही हो जानी थी, लेकिन प्रियंका गांधी की मुहर के बाद ही लिस्ट जारी की जाएगी।
कांग्रेस में जिलाध्यक्ष पद को लेकर राजनीति चल रही है। मौजूदा जिलाध्यक्ष नौशाद आलम, संजीव मिश्रा और अन्य कांग्रेसी नेता कानपुर जिले में 3 जिलाध्यक्ष बनाने की कवायद कर रहे हैं।
जबकि दक्षिण से कांग्रेसी नेता विकास अवस्थी अन्य नेता उत्तर व दक्षिण जिले को एक कर एक जिलाध्यक्ष बनाने की होड़ में लगे हुए हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक इस बार पार्टी उत्तर, दक्षिण और ग्रामीण क्षेत्र में जाति के आधार पर जिलाध्यक्ष तय कर सकती है।
कांग्रेस इस बार सभी वर्गों का सहयोग लेने के लिए जिलाध्यक्ष जाति के आधार पर बनाने की तैयारी में है। उत्तर जिलाध्यक्ष की दौड़ में पवन गुप्ता, कृपेश त्रिपाठी, संजीव दरियाबादी और नौशाद आलम का नाम भेजा गया है।
वहीं दक्षिण जिलाध्यक्ष पद के लिए संजीव मिश्रा, दिलीप शुक्ला, मनीष बाजपेई, सुनीत त्रिपाठी, विकास अवस्थी का नाम चर्चाओं में है।
इसके अलावा ग्रामीण जिलाध्यक्ष के लिए राजीव द्विवेदी, हीरालाल निषाद, कनिष्क पांडेय, आनंद वर्मा, राजेश राजपूत, संदीप शुक्ला का नाम चर्चाओं में है।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक होली के बाद नामों की घोषणा हो सकती है। नामों की घोषणा में इसलिए भी देरी हो रही है कि यूपी में इस बार 90 फीसदी जिलाध्यक्ष बदले जा सकते हैं।
पार्टी नए सिरे से संगठन को मजबूत करने के लिए जोर दे रहा है। वहीं ऐसे नामों को भी तलाशा जा रहा है जो निर्भीक और बेदाग छवि के हो।