
संवाददाता
कानपुर। नरवल तहसील में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। यह समाधान दिवस एडीएम एफआर की अध्यक्षता में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित किया गया।
समाधान दिवस में एक दिव्यांग युवक हरिओम ने न्याय की गुहार लगाई। महाराजपुर निवासी हरिओम ने बताया कि उनके परिवार के चार सदस्यों में से तीन का नाम राशन कार्ड से काट दिया गया है। कोटेदार ने उन्हें दोबारा ई-केवाईसी कराने को कहा। हरिओम ने बताया कि उन्होंने पिछले महीने ही ई-केवाईसी कराई थी। एडीएम ने तुरंत संबंधित अधिकारियों को जांच के निर्देश दिए।
एडीएम ने अधिकारियों को सभी शिकायतों की जांच के बाद ही निस्तारण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शिकायतों के निपटारे में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से भूमि विवादों में विशेष सक्रियता बरतने को कहा।
उन्होंने विवादित मामलों में पुलिस-प्रशासनिक संयुक्त टीम को मौके पर भेजकर समाधान कराने के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे।






