December 27, 2025

संवाददाता
कानपुर।
नगर में सुबह से घना कोहरा छाया रहा। सर्द हवा मौसम को ठंडा कर रही है। ठंड की बात करें तो कानपुर का मौसम जम्मू और शिमला से भी ठंडा रहा। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को न्यूनतम तापमान 7.7 डिग्री दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 1.8 डिग्री कम था। वहीं, अधिकतम तापमान 16.3 डिग्री रहा जो कि सामान्य से 6.1 डिग्री कम था। 
सुबह से ही घने कोहरे ने शहर को अपने आगोश में ले लिया। सुबह की स्थिति यह रही कि विजिबिलिटी शून्य दर्ज की गई। इसी के साथ चल रही सर्द हवाओं ने कंपकपी छुड़ाई। दिन के 12 बजे तक सड़कों पर कोहरा छाया रहा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि आने वाले दिनों में उत्तर पश्चिमी हवाएं अपना असर दिखाएंगी, जिससे तापमान गिरेगा। दिन में भी गंगा के मैदानी भागों में बर्फीली हवाएं चलेंगी जो कि दिन को ठंडा करेंगी। बादल छाए रहेंगे, लेकिन बारिश की संभावना न के बराबर है। हालांकि ठंड से बचाव के लिए हल्की धूप निकलने की संभावना है।
कोहरे के चलते बुधवार को अनेकों ट्रेनें तय समय से घंटों देरी से कानपुर सेंट्रल पहुंची। बनारस से आगरा कैंट जाने वाली वंदे भारत 20175 समय से 3.03 घंटे, अयोध्या कैंट से आनंद विहार जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस 22425 समय से 3.16 घंटे, वाराणसी जंक्शन से नई दिल्ली जाने वाली वंदे भारत एक्सप्रेस 22435 भी 3.34 घंटे देरी से आई। नई दिल्ली से राजेंद्र नगर पटना जाने वाली राजधानी एक्सप्रेस 12310 अपने निर्धारित समय से 2.34 घंटे देरी से सेंट्रल पहुंची। 

Related News