
संवाददाता
कानपुर। शहर में शाम से लेकर सुबह तक चलने वाली सर्द हवाएं आमजन को गलन का एहसास करा रही हैं। हालांकि सुबह के समय कोहरा न रहने से मौसम साफ रहा। सर्द हवाओं ने भी बीते दिनों की अपेक्षा राहत देने का काम किया है। हवाओं की गति कम होने से आमजन को थोड़ी राहत मिली है।
दो दिन पहले हवा की अधिकतम गति 4.1 किमी थी। जो कि घटकर 2 किमी प्रतिघंटा रह गई। आसमान में बादल छाए रहने से तापमान भी बढ़ा है। सुबह और शाम के तापमान में तीन डिग्री सेल्सियस की बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है।
सीएसए की ओर से जारी वेदर रिपोर्ट के अनुसार न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 1.4 डिग्री ज्यादा है। आसपास के जिलों में कोहरे के चलते सोमवार को 21 ट्रेनें घंटों की देरी से कानपुर सेंट्रल पहुंची।
दिन के समय निकली तेज धूप ने तापमान को बढ़ा दिया। बीते कई दिनों से कड़ाके की ठंड झेल रहे शहरवासियों को मौसम की करवट से राहत मिली है। अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 5.4 डिग्री ज्यादा है। दिन के समय तेज धूुप निकलने से लोग पार्कों में पहुंचे और धूप का आनंद लिया। हालांकि सूरज ढलते ही देर शाम से एक बार फिर सर्द हवाएं चली, लेकिन उनकी गति कम रही।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि आने वाले 24 से 48 घंटों में नमी के कारण सुबह व शाम धुंध और घना कोहरा रह सकता है। दिन में बादल छा सकते हैं, जिसकी वजह से दिन के तापमान घट सकते हैं। हालांकि गलन पैदा करने वाली उत्तर पश्चिमी हवाओं की गति वेस्टर्न डिस्टबरेंस के कारण कम होने की संभावना है। कानपुर मंडल में रात के तापमान में एक से तीन डिग्री का उतार चढ़ाव बना रहेगा। कानपुर मण्डल में बारिश की संभावना नहीं है। लेकिन पॉकेट्स रेन में बूंदाबांदी हो सकती है।
ठंड का मौसम दिल के मरीजों पर भारी पड़ रहा है। आज कार्डियोलाजी की ओपीडी में दिल की बीमारी से परेशान 1411 मरीज पहुंचे। अस्पताल पहुंचे 60 मरीजों को इलाज के लिए भर्ती भी किया गया है। इसके अलावा सात मरीज अस्पताल पहुंचने से पहले ही दम तोड़ चुके थे। तबीयत बिगड़ने पर 168 मरीज इमरजेंसी में पहुंचे। डाक्टरों ने दिल के मरीजों को सुबह व शाम के समय एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं।






