
संवाददाता
कानपुर। शहर में बीते कई दिनों बाद गुरुवार सुबह ठंड ने एक बार फिर वापसी करी। सुबह से ही चल रही सर्द हवा ने बीते दिनों की अपेक्षा गलन को कई गुना बढ़ा दिया । कई दिनों बाद कोहरा भी देखा गया, जिससे विजिबिलिटी कम हुई।
बीते 48 घंटों से न्यूनतम तापमान 8.0 डिग्री सेल्सियस पर ठहरा हुआ । यह तापमान सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस ज्यादा रहा। अधिकतम तापमान 24.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो कि सामान्य से 3.5 डिग्री ज्यादा था।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि आने वाले 24 घंटों में मौसम शुष्क रहेगा, तेज धूप निकलेगी। हालांकि बादलों की आवाजाही बनी रहेगी।
23 और 24 जनवरी को हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। बादल छाने से एक बार फिर तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है। दिन में बादल छाने से दिन के तापमान भी गिर सकते हैं।
एक बार फिर से सर्दी की वापसी की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता है। रात में सर्दी बरकरार रहेगी। दिन में निकलने वाली तेज धूप राहत देने का काम करेगी।
ठंड में भले ही राहत मिल रही हो लेकिन दिल के मरीजों का दर्द लगातार जारी है। हृदय रोग संस्थान में 1411 मरीज ओपीडी में इलाज के लिए आए। गंभीर रुप से बीमार 72 मरीजों को भर्ती किया गया। इसके अलावा देर रात 145 मरीज इमरजेंसी में इलाज के लिए पहुंचे। वहीं, पांच मरीजों ने अस्पताल आने से पहले ही दम तोड़ दिया। डॉक्टरों ने दिल के मरीजों को सुबह, शाम व रात के समय एहतियात बरतने के निर्देश दिए हैं।






