
संवाददाता
कानपुर। नगर में रविवार सुबह घना कोहरा छाया रहा। शीतलहर ने ठिठुरन बढ़ा दी है। रविवार की छुट्टी होने के चलते सड़कों पर भीड़ कम दिखी। लेकिन, जो लोग निकले वे खुद को गर्म कपड़ों से जकड़े थे। सुबह चाय की दुकानो पर भीड़ दिखी। लोग अलाव के पास बैठे रहे।
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में तापमान और गिरेगा।
आज सुबह घना कोहरा छाया था। विजिबिलिटी घटकर करीब 50 मीटर तक रह गई। शहर का न्यूनतम तापमान 6.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जो कि सामान्य से 3.1 सेल्सियस कम रहा। वहीं अधिकतम तापमान 23.9 डिग्री दर्ज हुआ। यह सामान्य से 0.8 डिग्री कम रहा।
मौसम विशेषज्ञ डॉ. एसएन सुनील पांडेय ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में पश्चिमी विक्षोभ के कारण मेडिटेरेनियन और कैस्पियन सागर से उठने वाली नम हवाएं उत्तर भारत में आने लगी हैं। जिनकी वजह से बीते दो दिन से यूपी, पंजाब व बिहार आदि में घना कोहरा व धुंध दिखाई पड़ रही है।
पश्चिमी विक्षोभ आने से उत्तर पश्चिमी हवाओं पर ब्रेक लग जाता है। इनकी गति कम होने से प्रदूषण बढ़ जाता और आसमान साफ नहीं रहता है।
डा. पांडेय ने बताया कि आने वाले दिनों में उत्तर पश्चिमी हवाओं की गति कम होगी, जिससे धुंध और कोहरा बढ़ेगा व विजिबिलिटी कम होगी।
रविवार सुबह कानपुर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 220 रिकॉर्ड किया गया। ये हवा की खराब स्थिति है। इस समय हवा की स्थिति 14 किमी प्रति घंटे रही।
मौसम वैज्ञानिकों ने बताया कि हवा की धीमी गति, वातावरण में बढ़ी हुई नमी और जमीन से उड़े धूलकण मिलकर स्मॉग की स्थायी परत बना रहे हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में अस्थमा रोगियों, हृदय और फेफड़ों की समस्याओं से जूझ रहे लोगों, बच्चों और बुजुर्गों को सावधानी रखनी चाहिए। सुबह और शाम में घर से बाहर निकलने से बचना चाहिए।






